फोटोकॉपी के नाम पर सरकारी राशि की निकासी! नियमों को दरकिनार कर भुगतान पर उठे सवाल
बिना हस्ताक्षर व सील वाले बिल पर भुगतान का आरोप, ग्राम पंचायत मतवार पड़रिया की कार्यप्रणाली जांच के घेरे में
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत मतवार पड़रिया में सरकारी धन के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि पंचायत द्वारा फोटोकॉपी एवं स्टेशनरी कार्य के नाम पर बार-बार भुगतान कर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। मामले में संबंधित बिलों की वैधता और भुगतान प्रक्रिया पर भी प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ने 30 जुलाई 2026 को सोनल फोटो कॉपी नामक प्रतिष्ठान के पक्ष में 5,740 रुपये का भुगतान किया। बताया गया कि यह भुगतान बिल आईडी 18659997 के आधार पर किया गया, जिसमें फोटोकॉपी सहित अन्य कार्यों का उल्लेख है। आरोप है कि संबंधित बिल पर न तो सरपंच और सचिव के हस्ताक्षर हैं और न ही पंचायत की सील अंकित है, जबकि नियमानुसार ऐसे दस्तावेजों का विधिवत प्रमाणित होना आवश्यक माना जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी प्रतिष्ठान के नाम से वर्षभर में कई दर्जन बिल लगाए जा चुके हैं। आरोप है कि फोटोकॉपी जैसे सामान्य कार्यों के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का भुगतान किया जा रहा है। यदि इन आरोपों में तथ्य पाए जाते हैं तो यह शासकीय धन के उपयोग और वित्तीय अनुशासन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
मामले को लेकर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि जनपद पंचायत और जिला पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी ऐसे भुगतानों की नियमित जांच क्यों नहीं कर रहे हैं। यदि भुगतान नियमों के अनुरूप नहीं हुए हैं, तो संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही भी तय किए जाने की मांग की जा रही है।सूत्रों की माने तो वर्तमान समय मे इस पंचायत के सचिव -आदित्य प्रताप सिंह चौहान एवं सरपंच अनुपम राठिया है
स्थानीय नागरिकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment