मोबाइल से सट्टे का खेल बेखौफ, एनकेजे थाने से चंद कदमों की दूरी पर जमावड़ा, खाकी की चुप्पी पर उठे सवाल
कटनी। शहर में ऑनलाइन और मोबाइल आधारित सट्टे का अवैध कारोबार लगातार पैर पसारता नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एनकेजे थाना क्षेत्र में, थाने से चंद कदमों की दूरी पर कथित रूप से मोबाइल के माध्यम से सट्टे का खेल खुलेआम संचालित होने की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूर वर्ग और निम्न आय वाले लोगों की मेहनत की कमाई को अंकों के इस अवैध खेल में झोंका जा रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक चर्चित होटल के पास, एटीएम के समीप रोजाना लोगों का जमावड़ा लगता है, जहां मोबाइल फोन के जरिए सट्टे का लेन-देन किए जाने की बातें सामने आती रही हैं। लोगों का दावा है कि यह गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इसकी चपेट में अधिक से अधिक युवा और मजदूर वर्ग आ सकते हैं। लगातार बनी हुई खामोशी के कारण लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि संबंधित पुलिस अधिकारी इन चर्चाओं और शिकायतों का संज्ञान लेकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करते हैं या फिर मोबाइल से संचालित होने वाले इस कथित सट्टा कारोबार पर यूं ही पर्दा पड़ा रहेगा।

Post a Comment