शराब पीकर सड़क पर निकले तो खैर नहीं: यातायात पुलिस ने एक दिन में काटे 69 चालान, ₹45,200 समन शुल्क वसूला



शराब पीकर सड़क पर निकले तो खैर नहीं: यातायात पुलिस ने एक दिन में काटे 69 चालान, ₹45,200 समन शुल्क वसूला


कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :सड़क सुरक्षा एवं रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से  प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


अभियान के अंतर्गत यातायात थाना के समीप सयाना मोड़ पर सड़क पर विचरण करने वाले मवेशियों के गले एवं शरीर पर रेडियम स्ट्रिप्स लगाई गईं, जिससे रात्रि के समय वाहन चालकों को दूर से ही मवेशी स्पष्ट दिखाई दे सकें और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


इसके उपरांत यातायात पुलिस टीम मिशन चौक पहुंची, जहां ऑटो रिक्शा वाहनों पर रेडियम लगाए गए, ताकि रात्रि में उनकी दृश्यता बढ़ सके। साथ ही पूर्व में ऑटो वाहनों में लगाए गए स्कैनर (QR) कोड के संबंध में ऑटो चालकों एवं यात्रियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि यात्री अपने मोबाइल फोन से कोड स्कैन कर ऑटो एवं चालक की आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनती है।


विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सघन निगरानी रखी गई। संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई तथा शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान दिनांक 12.08.2026 को की गई मोटर व्हीकल एक्ट की चालानी कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है—


- धारा 185 (शराब पीकर वाहन चलाना) – 01

- बिना सीट बेल्ट – 02

- बिना हेलमेट – 04

- बिना नंबर प्लेट – 06

- तीन सवारी – 08

- मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना – 11

- नो पार्किंग – 17

- बिना फिटनेस – 02

- अन्य धाराओं में कार्रवाई – 18


कुल चालानी कार्रवाई – 69

कुल समन शुल्क – ₹45,200/-


निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। विशेष रूप से रात्रिकालीन दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मवेशियों एवं वाहनों पर रेडियम लगाने, ऑटो में QR सुरक्षा प्रणाली का उपयोग बढ़ाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post