तीन थाना प्रभारियों ने किया इनकार, रंगनाथनगर प्रभारी ने रखा आरोपी; अरुण पाल सिंह निलंबित
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । सीएसपी नेहा पच्चीसिया से जुड़े विवाद में जांच के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई का दौर जारी है। सूत्रों के मुताबिक, हत्या के मामले के मामले में जिस आरोपी से जमीन का सौदा हुआ उसे अवैध रूप से हिरासत में रखने के लिए कोतवाली, कुठला और माधवनगर थाना प्रभारियों पर दबाव बनाया गया था, लेकिन तीनों ने आरोपी को अपने थाने में रखने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह पर दबाव बनाकर आरोपी को वहां रखा गया। जांच में हिरासत की विधिवत लिखा-पढ़ी नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए अरुण पाल सिंह को निलंबित किया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, रमेश लोधी की जमीन के सौदे में भी कथित रूप से दबाव और अनुचित लाभ लेने के तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट में जमीन की शासकीय गाइडलाइन कीमत करीब 82.86 लाख रुपये के मुकाबले सौदा 18.20 लाख रुपये में किए जाने का उल्लेख है। जांच में सीएसपी नेहा पच्चीसिया से जुड़े लोगों के बैंक लेन-देन का भी उल्लेख किया गया है।
इधर, मामले में रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह, स्लीमनाबाद थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी सहित सीएसपी के ड्राइवर -केशव , गनर- मंटू और रीडर नरेंद्र पाण्डेय को ड्यूटी से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग में दिनभर चर्चाओं का दौर रहा।


Post a Comment