विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में अंतिम संस्कार के दौरान 45 हजार की होंडा एसपी बाइक चोरी

विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में अंतिम संस्कार के दौरान 45 हजार की होंडा एसपी बाइक चोरी

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी


विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के हरदुआ कला गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए एक युवक की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कलहरा निवासी फरियादी ने बताया कि वह खेती-किसानी का कार्य करता है। 30 जुलाई 2026 को वह अपने जीजा विवेक मिश्रा की काले रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-21-ZD-1298) लेकर हरदुआ कला स्थित श्यामलाल पटेल के घर गमी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। उसने शाम करीब 4 बजे मोटरसाइकिल घर के सामने सड़क किनारे खड़ी कर दी और अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम चला गया।

शाम करीब 5:30 बजे लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला। चोरी गई मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

फरियादी की रिपोर्ट पर विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संभावित साक्ष्य और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post