पुरानी कचहरी परिसर के रिकॉर्ड रूम में लगी आग, महिला एवं बाल विकास विभाग के पुराने दस्तावेज खाक
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । शहर के कचहरी चौराहा स्थित पुरानी कचहरी परिसर में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग महिला एवं बाल विकास विभाग के रिकॉर्ड रूम में भड़की, जहां वर्षों पुराने दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक रिकॉर्ड रूम में रखे कई पुराने अभिलेख जलकर नष्ट हो चुके थे।
सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि विभाग के महत्वपूर्ण पुराने रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रिकॉर्ड रूम को हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
जिला प्रशासन का दावा --
जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार और परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना कटनी शहरी विद्या पाण्डेय ने बताया कि आग लगने के दौरान वहां रखे आधार सेंटर से संबंधित पुराने दस्तावेज, टेबल, कुर्सियां एवं अन्य कागजात जल रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परियोजना कार्यालय के स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस घटना में महिला एवं बाल विकास परियोजना से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment