बेटे के सामने मां को कुचल गई तेज रफ्तार कार, मौत के बाद आरोपी चालक फरार छपरा हाईवे पर रफ्तार का कहर, महिला को टक्कर मारकर अज्ञात कार कटनी की ओर फरार

 


बेटे के सामने मां को कुचल गई तेज रफ्तार कार, मौत के बाद आरोपी चालक फरार

छपरा हाईवे पर रफ्तार का कहर, महिला को टक्कर मारकर अज्ञात कार कटनी की ओर फरार




कटनी/स्लीमनाबाद/आशीष चौधरी


स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम छपरा स्थित हाईवे रोड बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। 

जानकारी के अनुसार ग्राम बंधी धूरी निवासी सुकबरिया बाई कुशवाहा अपने बेटे शनि कुमार के साथ ग्राम छपरा स्थित प्रेम ढाबा पहुंची थीं। वहां मजदूरी कर रहे उनके पति से पैसे लेने के बाद दोनों पैदल अपने गांव बंधी धूरी लौट रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर 2 बजे छपरा हाईवे रोड स्थित बस स्टैंड के पास जबलपुर की ओर से आ रही एक अज्ञात फोर व्हीलर कार के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सुकबरिया बाई को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत कटनी की ओर भाग निकला। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। घटना की जानकारी बेटे शनि कुमार ने अपने पिता को दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और डायल-112 की मदद से घायल सुकबरिया बाई को शासकीय अस्पताल स्लीमनाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना को महिला के बेटे शनि कुमार ने अपनी आंखों से देखा। परिजनों ने रजनीश बंसल एवं स्वप्निल बंसल को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उनके साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए हादसे में शामिल वाहन की तलाश प्रारंभ कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post