हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मजदूर की मौत, ठेकेदार पर केस
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार :विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के कारीतलाई मोड़ के पास निर्माणाधीन मकान में काम करते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 23 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर प्लंबर ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम हरदुआकला निवासी पारस साहू पिता स्व. राजकुमार साहू उम्र 23 वर्ष, ठेकेदार मोहम्मद फारूक उर्फ लल्ला पिता अब्दुल लतीफ उम्र 43 वर्ष निवासी नदीपार वार्ड नंबर 13 विजयराघवगढ़ के साथ मजदूरी करता था। 7 जुलाई 2026 को वह रोजाना की तरह काम करने के लिए विजयराघवगढ़ के कारीतलाई मोड़ स्थित रघुराई चौधरी के नवनिर्मित मकान पर पहुंचा था।
दूसरी मंजिल पर कर रहा था काम
मर्ग जांच में सामने आया कि निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल की छत के सामने बारजे के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की तार गुजर रही थी। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा संबंधी सावधानी बरते बिना पारस से काम कराया जा रहा था। काम के दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन विजयराघवगढ़ के शासकीय अस्पताल पहुंचे, जहां पारस को स्ट्रेचर पर मृत अवस्था में पाया गया। परिजनों के अनुसार उसके बाएं हाथ की कलाई और दोनों हाथों की मुट्ठियों पर जलने के निशान थे।
मर्ग जांच में लापरवाही का खुलासा
पुलिस ने 7 जुलाई को मर्ग क्रमांक 30/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मृतक के भाई दुर्गेश साहू, बाबा भगवानदास, मां अनोखा साहू तथा घटना के समय मौजूद राजमिस्त्री दिनेश कोल और रेत छानने वाले मजदूर राकेश कोल के बयान लिए गए। इसके अलावा मर्ग इंटीमेशन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों को भी जांच में शामिल किया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया पाया कि ठेकेदार की लापरवाही के चलते पारस को हाईटेंशन बिजली तार के खतरे के बीच काम कराया गया, जिसके कारण उसकी करंट लगने से मौत हुई। इसके बाद पुलिस ने ठेकेदार मोहम्मद फारूक उर्फ लल्ला के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम और ठेकेदार की जिम्मेदारी समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment