कटनी नगर निगम की बड़ी लापरवाही, चलित शौचालय नेताओं तक सीमित – आम जनता परेशान

 कटनी नगर निगम की बड़ी लापरवाही, चलित शौचालय नेताओं तक सीमित – आम जनता परेशान



कटनी। शहर में स्वच्छता अभियान और महिलाओं के सम्मान को लेकर सरकार और प्रशासन जहाँ बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं ज़मीनी सच्चाई इन दावों को खोखला साबित करती नज़र आ रही है। कटनी नगर निगम की लापरवाही का आलम यह है कि चलित शौचालय आम नागरिकों की बजाय केवल नेताओं तक सीमित रह गए हैं।


शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर इन शौचालयों की कोई व्यवस्था नहीं है। स्थिति इतनी गंभीर है कि नगर निगम के कचरा घरों में कई चलित शौचालय बेकार खड़े-खड़े जंग खा रहे हैं, जबकि गर्ग चौराहा, सुभाष चौक, मिशन चौक जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बाहर से आने वाले लोग, खासकर महिलाएं, भारी असुविधा का सामना कर रही हैं। मजबूरी में महिलाओं को सड़क किनारे प्रसाधन हेतु जाना पड़ रहा है, जो शहर की छवि और समाज दोनों के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन को तत्काल प्रभाव से इन चलित शौचालयों को प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करना चाहिए। इससे न केवल आम जनता को राहत मिलेगी बल्कि शहर की स्वच्छता और गरिमा भी बनी रहेगी।


शहरवासियों ने कटनी नगर निगम कमिश्नर से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेने और शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि बाहर से आने वाले नागरिकों एवं विशेषकर महिलाओं को सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post