अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 वेयरहाउसों में 8,670 क्विंटल धान पकड़ा
कटनी में प्रशासन की छापामार कार्रवाई, 21,675 बोरियों में मिला अवैध धान
कटनी – समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के पहले से ही जिला प्रशासन अवैध धान भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई मोड में है। जिला कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार अवैध जमाखोरों, दलालों, व्यापारियों और बिचौलियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की इस मुस्तैदी से जमाखोरों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने राजस्व, खाद्य और कृषि उपज मंडी विभाग का एक संयुक्त निरीक्षण दल गठित किया है, जो जिले में धान से संबंधित हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियम विरुद्ध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में बुधवार को संयुक्त जांच दल द्वारा 4 वेयरहाउसों में भंडारित कृषि उपज का औचक निरीक्षण किया गया। दो वेयरहाउसों में भौतिक सत्यापन के दौरान कुल 21,675 बोरियों में 8,670 क्विंटल धान पाया गया।
के.जी. चौदहा वेयरहाउस एंड एग्रो सर्विसेज में 18,268 बोरियों में 7,302 क्विंटल धान
मधुर नीलकंठेश्वर वेयरहाउस में 3,407 बोरियों में 1,362 क्विंटल धान भंडारित पाया गया।
वहीं, सांवरिया वेयरहाउस और श्रीजी वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान धान भंडारित नहीं मिला।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण दल में खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री यज्ञदत्त त्रिपाठी, प्रियंका सोनी, रविंद्र पटेल, कृषि उपज मंडी के सहायक उपनिरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, मंडी निरीक्षक सी.एस. मरावी, सहायक उपनिरीक्षक विकास नारायण मिश्रा और सहायक उपनिरीक्षक श्री लक्ष्मीकांत शामिल रहे।

Post a Comment