धान उपार्जन केंद्र पिपरिया कला–2 में अमानक तौल, 41 किलो 200 ग्राम की भर्ती जारी
जिम्मेदार अधिकारी नदारद, प्रभारी की मनमानी से किसान परेशान
💥देखिए वीडियो 💥
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस:
कटनी जिले की बरही तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र पिपरिया कला केंद्र क्रमांक–2 में शासन द्वारा तय मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। किसानों से न केवल कचरा धान खरीदा जा रहा है, बल्कि प्रति बोरी 40 किलो 500 ग्राम के बजाय अधिक तौल लेकर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस केंद्र पर न तो कोई जांच अधिकारी मौजूद है और न ही केंद्र प्रभारी। उपार्जन का कार्य प्रभारी के कथित गुर्गों द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो किसानों पर मनमानी शर्तें थोप रहे हैं। किसानों का आरोप है कि निर्धारित मानक से अधिक धान देने से इनकार करने पर उनकी उपज लेने में टालमटोल की जाती है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी केंद्र पर न तो तौल व्यवस्था की नियमित निगरानी हो रही है और न ही गुणवत्ता की जांच।
कार्रवाई क्यों नहीं?
सूत्रों के अनुसार, केंद्र प्रभारी से जुड़े लोगों की राजनीतिक पकड़ और स्थानीय नेताओं के संरक्षण के चलते इस गंभीर अनियमितता पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यही कारण है कि अमानक तौल और नियमों की अवहेलना लगातार जारी है।
किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पिपरिया कला उपार्जन केंद्र–2 में तत्काल जांच टीम भेजी जाए, दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई हो और किसानों से की जा रही लूट पर रोक लगाई जाए।

Post a Comment