धान उपार्जन में अनियमितता: 41 किलो 200 ग्राम की भर्ती कर किसानों से हो रही खुली लूट
अधिकारियों की लापरवाही उजागर: एक बोरे से दूसरे में हो रही सीधी भर्ती
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस:
कटनी जिले के बसाड़ी धान उपार्जन केंद्र में इन दिनों गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। किसानों से धान खरीदी के दौरान प्रति बोरी 41 किलो 200 ग्राम धान की भर्ती की जा रही है, जबकि सूत्रों के अनुसार शासन द्वारा निर्धारित मानक 40 किलो 500 ग्राम से 600 ग्राम तक ही है। इसके बावजूद अतिरिक्त धान लिया जाना किसानों के साथ सीधी लूट के समान है।
जानकारी के अनुसार ओसवाल वेयर हॉउस बसाड़ी स्थित केंद्र क्रमांक-1 बसाड़ी में न तो कोई जांच अधिकारी मौजूद है और न ही कोई देखरेख अधिकारी, जो इस अनियमितता पर अंकुश लगा सके। परिणामस्वरूप केंद्र पर खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है।
किसानों का आरोप है कि जिला कलेक्टर द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों की भी जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन बने हुए हैं। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
उल्लेखनीय है कि उक्त धान उपार्जन केंद्र का प्रभार अरुण पटेल के पास है।व मनोज दुवेदी प्रबंधक है किसानों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लग सके।

Post a Comment