5 रुपये की पर्ची वाला नगर निगम, अब करेगा जनसुनवाई? सवालों के घेरे में व्यवस्था

 5 रुपये की पर्ची वाला नगर निगम अब करेगा जनसुनवाई!


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी:

कटनी नगर पालिका निगम में वर्षों से आम जनता की समस्याओं और शिकायतों को दर्ज कराने के लिए 5 रुपये की पर्ची कटवाने की व्यवस्था चली आ रही है। आम हो या असहाय, नगर निगम से जुड़ी किसी भी समस्या को आवेदन पत्र के माध्यम से दर्ज कराने के लिए नागरिकों को पहले विविध एवं अन्य शाखा क्रमांक–37 में 5 रुपये का शुल्क जमा करना पड़ता है, उसके बाद ही उनकी शिकायत स्वीकार की जाती है।


यह व्यवस्था लंबे समय से लोगों के बीच असंतोष का कारण बनी हुई थी। जनता का कहना है कि समस्या बताने के लिए भी शुल्क वसूला जाना अन्यायपूर्ण है। कई वर्षों से नगर निगम इस नाम मात्र की राशि के जरिए अपने कोष को भरता रहा, जबकि समस्याओं के निराकरण की गति जस की तस बनी रही।


इसी बीच अब नगर निगम में जनसुनवाई आयोजित किए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिसने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बताया जा रहा है कि जनसुनवाई के माध्यम से नागरिक बिना किसी शुल्क के सीधे अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।


यदि वास्तव में जनसुनवाई की शुरुआत होती है, तो यह व्यवस्था आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। सवाल यह है कि वर्षों से 5 रुपये की पर्ची के सहारे चल रही शिकायत प्रणाली के बाद क्या अब नगर निगम जनता की आवाज को सीधे सुनने के लिए गंभीर हुआ है, या यह केवल एक औपचारिकता बनकर रह जाएगी—इसका जवाब आने वाला समय देगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post