*खुली चुनौती! इंडेन गैस गोदाम से 61 सिलेंडर ले उड़े चोर*


 *खुली चुनौती! इंडेन गैस गोदाम से 61 सिलेंडर ले उड़े चोर*


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: जिले के बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम रोहनिया में स्थित इंडेन गैस सिलेंडर गोदाम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर गोदाम से भरे और खाली कुल 61 गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह चोरी 24 जनवरी की रात लगभग 12 बजे से 25 जनवरी की सुबह 11 बजे के बीच हुई। अज्ञात आरोपी गोदाम के ताले तोड़कर अथवा दीवार फांदकर अंदर घुसे और बड़ी ही सफाई से सिलेंडरों को पार कर दिया। घटना के बाद गोदाम संचालक को चोरी की जानकारी लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


फरियादिया रानी कुशवाहा (पति दीपक कुशवाहा, उम्र 35 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि गोदाम से 30 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर एवं 31 खाली इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हुए हैं। चोरी गए सिलेंडरों की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये आंकी गई है।


मामले की सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस ने 25 जनवरी को शाम 5:05 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(A) सहित पूर्ववर्ती धाराओं 457 एवं 380 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post