एक माह से अधिक बीतने के बाद भी पूरी नहीं हो पाई जांच : थाना रंगनाथ गांजा खुर्द-बुर्द मामला
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: रंगनाथ थाना क्षेत्र से जुड़ा गांजा खुर्द-बुर्द मामला बीते एक माह से अधिक समय बाद भी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सका है। शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस जब स्वयं नियमों के उल्लंघन के आरोपों में घिर जाए, तो यह स्थिति समाज और कानून व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक बन जाती है।
स्थानीय मीडिया में लंबे समय से चर्चा का विषय बने इस मामले में आरोप है कि रंगनाथ थाना के कुछ पुलिसकर्मियों ने गांजा तस्कर को पकड़ने के बाद उसे छोड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम में लेन-देन (रुपयों के आदान-प्रदान) का भी उल्लेख सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच कराए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
हालांकि, हैरानी की बात यह है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक जिला पुलिस मुख्यालय की ओर से न तो जांच की प्रगति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी गई है और न ही दोषियों पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सार्वजनिक की गई है। इससे आम जनता में यह सवाल उठने लगे हैं कि कहीं इस पूरे मामले में शामिल पुलिसकर्मियों को ‘बे-दाग’ करार देने की तैयारी तो नहीं की जा रही।
जनता और मीडिया यह जानना चाहती है कि जांच किस स्तर पर है, दोषी कौन हैं और उन पर क्या कार्रवाई होगी। यदि समय रहते निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे पुलिस की छवि और जनता का भरोसा दोनों ही प्रभावित होना तय है। अब निगाहें जिला पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस संवेदनशील मामले में कब तक सच्चाई सामने लाकर जवाबदेही तय करता है।

Post a Comment