कटनी: पेट्रोल डालकर महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, हालत गंभीर बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां छगरा गांव की रूह कंपा देने वाली घटना


 कटनी: पेट्रोल डालकर महिला को जिंदा जलाने की कोशिश, हालत गंभीर


बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां छगरा गांव की रूह कंपा देने वाली घटना


न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगवां छगरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 50 वर्षीय महिला के चेहरे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजनों द्वारा जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।



यह घटना मंगलवार देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता संतरा बाई (50 वर्ष) अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला भोला कोल वहां पहुंचा और अचानक विवाद के बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।



पुलिस और परिजनों के अनुसार इस घटना के पीछे दो कारण सामने आ रहे हैं—


पुराना भूमि विवाद: आरोपी भोला कोल और पीड़िता के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था।


तात्कालिक झगड़ा: आरोपी भोला कोल, मोनू रैकवार और राज रैकवार पीड़िता के दामाद देवीदीन के साथ एक ही कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि कामकाज को लेकर इनके बीच पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपी पक्ष दामाद से झगड़ा करने पीड़िता के घर पहुंचे थे।



जब संतरा बाई ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, तो आरोपी भोला कोल ने अपने मुंह में भरा पेट्रोल महिला के चेहरे पर छिड़क दिया और माचिस जलाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।


महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर सो रही बहू बाहर आई। बहू को आता देख मुख्य आरोपी भोला कोल मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तत्काल आग बुझाकर झुलसी महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता की बहू का आरोप है कि यह हमला पूरी तरह से पूर्व नियोजित था और तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया।


घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि—


मुख्य आरोपी भोला कोल (30 वर्ष) घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


पुलिस ने दो अन्य संदिग्धों मोनू रैकवार (25 वर्ष) और राज रैकवार (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।



पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post