स्मैक पीने के लिए पैसे मांगने पर नशेड़ियों का हमला, रेलवे के चीफ ओएस बाल-बाल बचे
रेलवे अधिकारी से मारपीट व जान से मारने की धमकी, नशे के लिए मांगे पैसे
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस:कोतवाली थाना अंतर्गत रेलवे विभाग में चीफ ओएस के पद पर पदस्थ अधिकारी के साथ सरेराह मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। फरियादी राजन सिंह पिता रविन्द्र नाथ सिंह (उम्र 46 वर्ष), निवासी चौबरा दुर्लभपुर, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवास सर्किट हाउस के पास सतना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरियादी के अनुसार दिनांक 15 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9.30 बजे वह सतना से कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचे। कटनी स्टेशन से उतरकर वह पैदल ही अपने कार्यालय मुड़वारा स्टेशन की ओर जा रहे थे। सिविल स्थित कार्यालय से लगभग 50 मीटर पहले रास्ते में दो युवक मिले, जिन्होंने उनसे पूछा कि कहां जा रहे हो। बातचीत के दौरान युवकों ने नशा (स्मैक) करने के लिए पैसे मांगे।
फरियादी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि एक युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने दो-तीन थप्पड़ मारे और नशे के लिए पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख फरियादी किसी तरह खुद को छुड़ाकर रेलवे के शासकीय आवास में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया।
घटना की जानकारी उन्होंने अपने कार्यालय के कर्मचारी कंछेदी लाल बर्मन को फोन पर दी। कुछ ही देर में कंछेदी लाल बर्मन, धरमवीर और बृजेश मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों युवक आवास के बाहर खड़े होकर गालियां देते रहे और धमकी देते हुए कहा कि यदि बाहर नहीं निकले तो रोज इसी रास्ते से आते हो, कल मिले तो जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
फरियादी ने बताया कि वह आरोपियों को पहचानते नहीं हैं, लेकिन आपस में वे एक-दूसरे का नाम मंगू और सचिन ले रहे थे। आरोपियों के जाने के बाद फरियादी ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने एक अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

Post a Comment