..
..
..
..
*हाईकोर्ट के आदेश पर 'हॉस्पिटल लाइन' में चला बुलडोजर, 1600 वर्गफीट सरकारी जमीन कराई गई मुक्त*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: शहर के उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। माननीय उच्च न्यायालय (High Court) के आदेशों का पालन करते हुए प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने 'हॉस्पिटल लाइन' क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर लगभग 1600 वर्गफीट सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेम चंद मोटवानी नामक व्यक्ति ने हॉस्पिटल लाइन की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर लिया था। इस जमीन पर कई दुकानों का निर्माण किया गया था। इस मामले की शिकायत किशोर जियानी द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुँचा। माननीय उच्च न्यायालय ने सुनवाई के उपरांत इस अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद कब्जाधारी खेपचंद को चार बार नोटिस जारी किए गए थे और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गुरुवार को मौके पर पहुँचकर बलपूर्वक ध्वस्तिकरण की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी प्रशासनिक और पुलिस अमला मौजूद रहा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित अधिकारी उपस्थित थे: प्रमोद चतुर्वेदी (एसडीएम), नेहा पच्चीसिया (नगर पुलिस अधीक्षक), आशीष अग्रवाल (तहसीलदार), संजय दुबे (माधवनगर थाना प्रभारी), हर्षवर्धन रामटेके, पटवारी चंद्रशेखर कोरी, ब्रजबिहारी दुबे, दादूराम पटेल और विनीत सिंह बघेल सहित नगर निगम के कर्मचारी। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment