15 सूत्रीय मांगों को लेकर लघु वेतन कर्मचारी संघ ने की प्रेस वार्ता
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा और उग्र, 21 फरवरी को भोपाल में जंगी धरना
कटनी। मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी द्वारा गुरुवार को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर रोष व्यक्त किया।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि लघु वेतन कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन जारी है। आंदोलन के तहत सात चरणों की कार्ययोजना बनाई गई थी, जिसमें से अब तक पांच चरण पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रदेशभर में विभिन्न विभागों में करीब 65 हजार से अधिक लघु वेतन कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करना, पदनाम परिवर्तन, ग्रेड पे 1300 की जगह 1800 किया जाना, स्थाई कर्मी, दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालीन कर्मचारियों का नियमितीकरण, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, परिवीक्षा अवधि पुराने नियमों के अनुसार लागू करना शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना शीघ्र लागू करने, कार्यभारित व आकस्मिक निधि कर्मचारियों को नियमित स्थापना में शामिल कर 300 दिवस के अर्जित अवकाश का नगदीकरण देने, आउटसोर्स प्रणाली का गठन करने, रसोइया बहनों को 10 हजार रुपए मानदेय देने तथा आशा-उषा कार्यकर्ताओं को सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं देने की मांग भी रखी गई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस क्रम में आगामी 21 फरवरी 2026 को प्रांतीय स्तर पर भोपाल के अंबेडकर मैदान में जंगी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी मध्यप्रदेश शासन की होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान संघ की ओर से उपस्थित सम्माननीय पत्रकारों का फूल-माला, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी अजय गौतम, मनोज श्रीवास, अजीमुद्दीन शाह, रामावतार विश्वकर्मा, रत्ना ठाकुर, ललिता, खुशबू, उषा, रीना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment