कैलवारा रोड बना दुर्घटना पाइंट, अधूरा निर्माण बना लोगों की परेशानी


 कैलवारा रोड बना दुर्घटना पाइंट, अधूरा निर्माण बना लोगों की परेशानी


कटनी। इंदिरा गांधी वार्ड अंतर्गत नदीपार कैलवारा रोड इन दिनों आमजन के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। लगभग एक माह पूर्व इस सड़क का भूमि पूजन महापौर प्रीति संजीव सूरी द्वारा किया गया था। इसके 10–15 दिन बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू तो किया, लेकिन जेसीबी से पूरी सड़क खोदकर गिट्टी फैलाने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया और ठेकेदार मौके से नदारद हो गया।


सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह अब एक दुर्घटना पाइंट में तब्दील हो गई है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चे, जो साइकिल या पैदल मार्ग का उपयोग करते हैं, गिट्टी पर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी रोजाना दुर्घटना का सामना करना पड़ रहा है।


मार्ग पर दुर्गा मंदिर स्थित होने के कारण दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी हादसों का शिकार हो रहे हैं। आसपास के रहवासी बताते हैं कि सड़क पर फैली गिट्टी उछलकर घरों के भीतर तक जा रही है, जिससे आंखों में चोट लगने और गंभीर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।


स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि मार्ग सुगम हो सके और आमजन को राहत मिल सके। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Post a Comment

Previous Post Next Post