कटनी के बाहर से आने वाली जनता के लिए मुख्य स्टेशन के प्रमुख चौराहे के समीप गंदगी का अंबार
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी:
कटनी नगर पालिका निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था पर हर माह लाखों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत मुख्य रेलवे स्टेशन के बाहर कुछ और ही बयां करती है। स्टेशन के मुख्य चौराहे और आसपास के क्षेत्र में दिनभर गंदगी का अंबार लगा रहता है। कचरे के ढेर, फैली पॉलीथिन, बदबू और अव्यवस्थित नालियां यहां आने-जाने वाले यात्रियों का स्वागत करती नजर आती हैं।
कटनी जिले के बाहर से आने वाली जनता के लिए रेलवे स्टेशन शहर का पहला चेहरा होता है, लेकिन यह चेहरा साफ-सुथरे वातावरण के बजाय अव्यवस्था और गंदगी का संदेश दे रहा है। सुबह से लेकर शाम तक इस क्षेत्र में सफाई के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था दिखाई नहीं देती। यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ता है।
हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका निगम के वे कर्मचारी, जो शहर के अन्य हिस्सों में गंदगी पर चालान काटते और फोटो खिंचवाते नजर आते हैं, उनका असर इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में दिखाई नहीं देता। ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्य स्टेशन क्षेत्र उनकी निगरानी से बाहर है।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। यदि मुख्य स्टेशन जैसे अति-व्यस्त और महत्वपूर्ण स्थान पर ही साफ-सफाई का अभाव रहेगा, तो आम जनता और बाहर से आने वाले यात्रियों के मन में शहर की छवि कैसी बनेगी, यह सोचने का विषय है। अब जरूरत है कि नगर पालिका निगम केवल कागजी दावों और फोटो सेशन तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि कटनी की पहचान एक स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के रूप में बन सके।

Post a Comment