*नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल*



*नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल*

कटनी/आशीष चौधरी :मध्यप्रदेश शासन की नई परिवहन नीति के विरोध में बस संचालकों ने 2 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। इसको लेकर कटनी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर शासन के निर्णय का विरोध जताया।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को लागू किए गए नियमों में संशोधन करते हुए 29 जनवरी 2026 से निजी बसों को अनुबंधित करने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्रदेश में गठित सात निजी कंपनियों के साथ बस संचालकों का अनुबंध अनिवार्य कर दिया गया है।

एसोसिएशन अध्यक्ष शुभ प्रकाश मिश्र ने कहा कि नई नीति के चलते अतिरिक्त कर व टैक्स का बोझ बढ़ेगा तथा बस परमिट का नवीनीकरण हर छह माह में कराना होगा, जबकि वर्तमान में परमिट पांच वर्ष के लिए स्वीकृत होते हैं और नवीनीकरण भी पांच वर्ष में होता है। इससे बस संचालकों पर आर्थिक व प्रशासनिक दबाव बढ़ने की बात कही गई।

बस ऑपरेटर्स ने सरकार से नई नीति वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर पुनर्विचार नहीं होने पर 2 मार्च से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज गुप्ता, मनोज कुमार चौरसिया, राजेंद्र मिश्रा, प्रदीप गुप्ता, यादवेंद्र मिश्रा और रामजी पांडे सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने कहा कि हड़ताल होने पर इसका सीधा असर आम यात्रियों की आवाजाही पर पड़ेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post