आबकारी अमले की बड़ी कार्रवाई: कटनी वृत्त क्रमांक-3 में छापेमारी, 75 हजार से अधिक की अवैध शराब व महुआ लाहन जब्त
कटनी। जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशों के तहत आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में वृत्त कटनी क्रमांक-3 अंतर्गत आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में वृत्त क्रमांक 1, 2 एवं 3 की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मानपुर, टेढ़ी एवं बिचपुरा में दबिश दी गई।
जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा प्लास्टिक के गुमों में संग्रहित लगभग 720 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये से अधिक आँकी गई है। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष सामग्री नष्ट की गई।
आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क एवं 34(1)च के अंतर्गत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
इस संयुक्त कार्रवाई में वृत्त क्रमांक-3 प्रभारी आंचल प्रजापति, आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार, केशव उइके सहित अन्य स्टाफ की अहम भूमिका रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा कारोबार के विरुद्ध यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Post a Comment