कटनी में दर्दनाक हादसा: स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

 


कटनी में दर्दनाक हादसा: स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

कटनी/आशीष चौधरी : जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्हनगवां में  एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार रोज की तरह स्कूल पढ़ने गया था। दोपहर के समय वह विद्यालय परिसर में स्थित शौचालय के पास मौजूद था, तभी अचानक कमजोर हो चुकी बाउंड्री वॉल भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। शिक्षकों और ग्रामीणों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच सकी। समय की नजाकत को देखते हुए ग्रामीणों ने घायल बच्चे को ऑटो से विजयराघवगढ़ स्थित शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि मृतक छात्र का परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसके पिता की टीबी बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी। उसकी मां दूसरों के घरों में काम कर तथा शाम को फुल्की-चाट बेचकर किसी तरह घर चला रही थीं। इस दुर्घटना ने उस मां का इकलौता सहारा भी छीन लिया, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि स्कूल परिसर की दीवार लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, लेकिन मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया गया। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर संबंधित अधिकारियों और स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश ने समय रहते इस खतरे को गंभीरता से क्यों नहीं लिया।

ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। यह हादसा सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को उजागर करता है, जहां मासूम बच्चों की जान तक सुरक्षित नहीं दिख रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post