स्थानीय मिट्टी व पत्थरों से बना 50–55 लाख का डेम, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल


 

स्थानीय मिट्टी व पत्थरों से बना 50–55 लाख का डेम, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: कटनी जिले की रिठी जनपद के ग्राम पंचायत थानोरा अंतर्गत चिखला गांव में नदी पर निर्मित डेम के निर्माण को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 50 से 55 लाख रुपये की लागत से बनाए गए इस डेम का अधिकांश हिस्सा स्थानीय मिट्टी और आसपास उपलब्ध पत्थरों के टुकड़ों से तैयार किया गया है, जिससे इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर संदेह पैदा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण में पर्याप्त मात्रा में सीमेंट व पक्की सामग्री का उपयोग किया जाता, तो डेम लंबे समय तक सुरक्षित रह सकता था। वर्तमान स्थिति में मिट्टी आधारित निर्माण होने से आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश या अधिक जल प्रवाह की स्थिति में डेम ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगा।

इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि डेम की निकासी (आउटलेट) का आकार काफी बड़ा बनाया गया है, जिसके कारण बारिश का पानी अधिक समय तक नहीं ठहर पाएगा। इससे क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान होने की बजाय स्थिति जस की तस बने रहने की आशंका है।

ग्रामीणों के अनुसार डेम का निर्माण कार्य किसी रीवा निवासी ठेकेदार ‘गुप्ता’ द्वारा कराया गया है। सूत्रों का दावा है कि करीब दो से तीन महीनों के भीतर ही पूरा निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया, जिस पर भी ग्रामीणों ने प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।

फिलहाल ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग उठाई है, ताकि सार्वजनिक धन से स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post