तेज रफ्तार चेसिस वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: बहोरीबंद थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता, जो पटना रोड का निवासी है और मजदूरी का कार्य करता है, ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह 4 फरवरी की शाम बरही तरफ घूमने गया था और लौटते समय गांव के ही वीरेन्द्र मेहरा के साथ पैदल घर की ओर आ रहा था। शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों हनुमान मंदिर के पास डिहुंटा कॉलोनी के समीप पहुंचे, तभी बाकल की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही अशोक लीलैंड कंपनी की एक चेसिस वाहन ने पीछे से वीरेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वीरेन्द्र सड़क पर गिर पड़े और वाहन चालक मौके से बहोरीबंद की ओर भाग निकला। बताया गया कि पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने चेसिस वाहन का पीछा कर उसे पटना रोड के पास रुकवाया। पूछताछ में स्कॉर्पियो चालक ने अपना नाम दिनेश राय, निवासी बाकल, बताया तथा चेसिस वाहन चालक का नाम विक्रम सिंह, निवासी रुद्रपुर (उत्तराखंड) बताया।
हादसे में वीरेन्द्र मेहरा के कान, मुंह और नाक पर गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव हुआ। सूचना पर गांव के दीपक पटेल और मोहित झारिया मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल बहोरीबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने घायल को जबलपुर में भर्ती कराने के बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 6 फरवरी को मामला दर्ज कर जांच मे लिया है

Post a Comment