ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, ₹6.83 लाख का मशरूका बरामद
जीआरपी कटनी की बड़ी कार्रवाई, कई मामलों का खुलासा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी :रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाज़त को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी थाना कटनी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रेनों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद कई पुराने मामलों का भी खुलासा हुआ है।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक एल.पी. कश्यप के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी राज भूमिया उर्फ मंजा (20 वर्ष) निवासी कैलवारा फाटक, थाना कोतवाली, कटनी को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चलती ट्रेनों और स्टेशन पर यात्रियों के सामान चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल ₹6 लाख 83 हजार मूल्य की संपत्ति बरामद की है, जिसमें शामिल हैं—
- सोने के जेवरात: फरियादिया बी. मंजू की चोरी गई लगभग 3 तौला सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग ₹4 लाख बताई गई।
- मोबाइल फोन: विभिन्न कंपनियों के 12 स्मार्टफोन, जो अलग-अलग यात्रियों से चोरी किए गए थे।
कई मामलों का हुआ खुलासा
आरोपी की गिरफ्तारी से जीआरपी थाना कटनी में दर्ज कई मामलों की गुत्थी सुलझी है, जिनमें प्रमुख रूप से—
- अपराध क्रमांक 72/26 – धारा 305(सी), 304(2) बीएनएस (सोने की चेन चोरी)
- अपराध क्रमांक 552/25 – मोबाइल चोरी प्रकरण
- अपराध क्रमांक 103/26 – यात्री योगेन्द्र सिंह के मोबाइल चोरी का मामला शामिल है।
यात्रियों को सतर्क रहने की अपील
जीआरपी पुलिस ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment