खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम


 

खेत की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरौडी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने खेत की कटीले तारों वाली फेंसिंग में एक तेंदुए को बुरी तरह फंसा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल के आसपास जमा होने लगी, जिसके बाद प्रशासन और वन विभाग ने तत्काल मोर्चा संभाला।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ संभवतः शिकार की तलाश में या रास्ता भटककर खेतों की ओर आ गया था। खेतों की सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के कंटीले तारों में उलझ जाने के कारण वह खुद को छुड़ाने का प्रयास करता रहा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। दर्द और घबराहट के कारण तेंदुआ आक्रामक स्थिति में है, जिससे आसपास के क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ और बड़वारा क्षेत्र का वन अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। तेंदुए के आसपास लगभग 500 मीटर के दायरे में घेराबंदी कर ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

वन विभाग ने तत्काल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया है। यह टीम तेंदुए को ट्रेंकुलाइज यानी बेहोश कर सुरक्षित तरीके से फेंसिंग से बाहर निकालेगी। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा और स्वास्थ्य सामान्य होने पर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

इस बीच वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए विशेष सावधानियां जारी की हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तेंदुआ अचानक फेंसिंग से मुक्त हो जाता है, तो वह आत्मरक्षा में हमला भी कर सकता है। इसलिए ग्रामीणों से अपील की गई है कि घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं, शोर न करें, खेतों या खुले इलाकों में अकेले जाने से बचें तथा बच्चों और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें।

फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीण रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल समापन का इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post