कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :थाना रंगनाथ नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर युवक को अवैध रूप से धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 12 फरवरी 2026 को पुलिस टीम भ्रमण पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुड़वारा स्टेशन स्थित सागर पुलिया के पास मुख्य मार्ग किनारे एक व्यक्ति चाकू लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरक्षक वीरेंद्र दहायत तथा साक्षी को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देख संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस स्टाफ एवं उपस्थित साक्षियों की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सतेन्द्र वाल्मीकि (19 वर्ष), निवासी हरिजन बस्ती, बस स्टैंड क्षेत्र, थाना कोतवाली कटनी बताया।
तलाशी के दौरान युवक की कमर में खोंसा हुआ एक स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ। चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है।
* इसी प्रकार *
कटनी। थाना रंगनाथ नगर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त और अपराध पतासाजी के दौरान एक युवक को अवैध रूप से धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराध पतासाजी हेतु क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शास्त्री चौक के आगे संन्यासी बाबा चबूतरा के पास, फारेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया क्षेत्र में एक युवक चाकू लेकर संदिग्ध स्थिति में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों को साथ लेकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, जिसे स्टाफ और उपस्थित लोगों की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पारस बर्मन उर्फ गप्पू (24 वर्ष) निवासी बावली टोला, मरही माता मंदिर के पास, आजाद चौक थाना कोतवाली कटनी बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी की कमर में खोंसा हुआ एक धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद चाकू को जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को थाने लाकर हवालात में बंद किया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment