कटनी स्टेशन में अवैध पार्किंग वसूली का आरोप, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल


 

कटनी स्टेशन में अवैध पार्किंग वसूली का आरोप, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी: शहर के रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास अवैध पार्किंग वसूली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर आरक्षण काउंटर तथा आसपास के क्षेत्रों में अनियमित तरीके से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर पार्किंग स्टैंड के नाम पर युवकों को खड़ा कर वाहन चालकों से शुल्क लिया जा रहा है। आरोप यह भी है कि कई स्थानों पर बिना निर्धारित व्यवस्था, वर्दी या पहचान के कर्मचारी शुल्क वसूलते नजर आते हैं। वहीं पार्किंग क्षेत्र के अंदर और बाहरी हिस्सों में भी अनौपचारिक रूप से वाहन खड़े कराकर शुल्क वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यह वसूली अधिकृत नहीं है तो इससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर स्पष्ट करें कि पार्किंग संचालन किसके अधिकार में है और शुल्क वसूली का वैध ढांचा क्या है।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में जगह-जगह शुल्क वसूली से यात्रियों को असुविधा होती है और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े होते हैं। नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि अवैध वसूली की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post