कटनी-रीठी मार्ग पर कोयला लदा ट्रक पलटा, लाल तलैया के पास घंटों थमा यातायात
कटनी/आशीष चौधरी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर को रीठी से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लाल तलैया के समीप कोयले से भरा एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के बाद पूरे मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में कटनी की ओर आ रहा था। लाल तलैया के पास मोड़ पर चालक अचानक संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक असंतुलित होकर पलट गया और उसमें भरा टनों कोयला सड़क पर फैल गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सौभाग्य से दुर्घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन ट्रक की चपेट में नहीं आया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार चालक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि किसी बड़े जनहानि की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों को आमंत्रित करती है।
घटना के बाद सड़क के दोनों ओर बसें, ट्रक और निजी वाहन फंस गए। स्कूल वाहन और दफ्तर जाने वाले लोग भी जाम में घंटों परेशान होते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से सड़क से कोयला हटाने की कार्रवाई शुरू कराई गई।
समाचार लिखे जाने तक मार्ग को आंशिक रूप से चालू करने के प्रयास जारी थे। प्रशासन ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Post a Comment