अमरैया पार में अवैध लेटराइट परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, हाईवा जब्त
खनिज विभाग की देर रात छापामार कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप
कैमोर। क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बीती देर रात खनिज विभाग की टीम ने अमरैया पार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लेटराइट का परिवहन कर रहे एक हाईवा वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, विभाग को लंबे समय से अमरैया पार इलाके में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने देर रात इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध हाईवा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें लेटराइट भरा हुआ मिला।
जांच के दौरान चालक परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद टीम ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद जब्त हाईवा को कैमोर थाने ले जाकर पुलिस की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वाहन मालिक और अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन पर कुछ हद तक रोक लगने की उम्मीद जगी है।

Post a Comment