कटनी के आदित्य जैन बने युवा सेवादल अध्यक्ष, दिल्ली से लगी मुहर
आल इंडिया कांग्रेस सेवादल ने सक्रिय युवा नेता को सौंपी जिम्मेदारी, संगठन मजबूती का लिया संकल्प
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर के सक्रिय और जुझारू युवा नेता आदित्य जैन को युवा कांग्रेस सेवादल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति आल इंडिया कांग्रेस सेवादल दिल्ली द्वारा की गई है, जिस पर अंतिम मुहर लगने के बाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह एवं जिला प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी भार्गव की सहमति से प्रदेश सेवादल युवा अध्यक्ष गजानन तिवारी ने आदित्य जैन के नाम को दिल्ली भेजा था। वहां से अनुमोदन मिलने के बाद आदित्य जैन को आधिकारिक रूप से कटनी युवा सेवादल अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नियुक्ति की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवा साथियों ने आदित्य जैन को बधाइयाँ दीं। शहर में जगह-जगह स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष आदित्य जैन ने कहा कि वे युवा सेवादल में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि आदित्य जैन वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन ‘कक्का’ के सुपुत्र हैं और एक उच्चशिक्षित युवा चेहरा के रूप में पहचान रखते हैं। वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. हुकुमचंद जैन की राजनीतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का दायित्व निभाएंगे।
जिले की राजनीति में इस नियुक्ति को संगठन के लिए नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment