*दबंगों के हौसले बुलंद, महिला पर जानलेवा हमला; पुलिस पर मिलीभगत का आरोप*
कटनी /आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिले के ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम देवरी बिछिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला और उसके परिवार पर गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने और लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) कटनी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता छोटीबाई यादव, पति अनिल कुमार यादव (निवासी देवरी बिछिया) द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, उनके पुश्तैनी बाड़े को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि गांव के ही उत्तम यादव, श्रीलाल यादव, सकरमति बाई और पूजाबाई आए दिन उनके बाड़े के टीन शेड को उखाड़कर फेंक देते हैं।
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गई।
शिकायत पत्र में पीड़िता ने ढीमरखेड़ा पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि:
* उन्होंने इस घटना की शिकायत कई बार स्थानीय थाने में की।
* आरोपियों के कथित "दबाव और साठगांठ" के कारण पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
* कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान राजा यादव, राधा यादव, सुशील दुबे की पत्नी और भागवत दुबे की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। महिला ने अब पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

Post a Comment