*शक्तिपुंज एक्सप्रेस से 4 नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू, मानव तस्करी या बाल विवाह की आशंका*


*शक्तिपुंज एक्सप्रेस से 4 नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू, मानव तस्करी या बाल विवाह की आशंका*


कटनी: कटनी में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और बाल कल्याण समिति (CWC) ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए शक्तिपुंज एक्सप्रेस से चार नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। गुजरात जा रही इस ट्रेन में पुलिस की दस्तक से हड़कंप मच गया और बच्चियों ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम की मुस्तैदी ने उन्हें बचा लिया।



जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू की गई चारों बच्चियां झारखंड के पलामू जिले की रहने वाली हैं। आरपीएफ को खुफिया सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवकों के साथ ये नाबालिग बच्चियां गुजरात की ओर जा रही हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीआई वीरेंद्र सिंह अपनी 11 सदस्यीय टीम और बाल कल्याण समिति के 5 सदस्यों के साथ न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) पर मोर्चा संभाल लिया।



जैसे ही ट्रेन स्टेशन के आउटर पर पहुंची, टीम की मौजूदगी भांपकर ट्रेन में चैन पुलिंग कर दी गई। पुलिस को देखते ही चारों बच्चियां ट्रेन से उतरकर पटरियों की ओर भागने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, टीम ने घेराबंदी कर उन्हें सुरक्षित पकड़ लिया।



बाल कल्याण समिति के सदस्य दुर्गेश तिवारी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि उनके परिजन उनकी कम उम्र में शादी करना चाहते थे, जिससे बचने के लिए वे घर से निकलीं।



* क्या यह मानव तस्करी (Human Trafficking) का संगठित गिरोह है?

* या मामला बाल विवाह से बचने के लिए घर छोड़ने का है?


*फिलहाल, बच्चियों के साथ* सफर कर रहे दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्चियों को सुरक्षित बालिका गृह भेज दिया गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post