मोटी कमाई वाला छोटा थाना, बना अपराधों का गढ़
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: कटनी जिले का रंगनाथ नगर थाना इन दिनों लगातार चर्चा और सुर्खियों में बना हुआ है। आकार में भले यह थाना छोटा हो, लेकिन इसके अंतर्गत होने वाली आपराधिक और अवैध गतिविधियों के कारण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थाना क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र में अवैध शराब और गांजे की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है, जिसके चलते नशे का सामान आसानी से उपलब्ध हो रहा है। इसके चलते युवाओं के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं, मुरवारा क्षेत्र के आसपास स्थित कुछ होटल और भोजनालयों में नियमों के विरुद्ध शराब परोसने की भी शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध अहातों का संचालन भी जारी है, जिससे देर रात तक शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों का माहौल बना रहता है। नागरिकों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व सामने आई गैंगरेप जैसी गंभीर घटना ने पुलिस की गश्त व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी थी।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व इसी थाना क्षेत्र में गांजे के कथित हेरफेर से जुड़ा मामला भी चर्चा में आया था, जिसकी जांच उच्च स्तर पर शुरू तो हुई, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। इस कारण भी पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता सुरक्षित माहौल में रह सके।

Post a Comment