कटनी में मजदूर से मारपीट, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: कोतवाली थाना अंतर्गत आधारकाप क्षेत्र में एक मजदूर के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश वैल्डिंग के पास आधारकाप निवासी एक मजदूर 1 फरवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह डॉ. डी.पी. साहू के घर के पास पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात हेमंत उर्फ टुईया निषाद और अनिकेत निषाद से हुई, जिनसे उसकी पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी।
आरोप है कि दोनों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हेमंत निषाद ने उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जबकि अनिकेत निषाद ने लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के विवेक तिवारी और कुनाल कुशवाहा मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया।
बताया गया कि जाते समय दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में पीड़ित के सिर, पीठ और चेहरे पर चोटें आई हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment