कटनी में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर के निर्माण हेतु इच्छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टिकरिया कैलवारा में 'रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर' निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। टिकरिया कैलवारा में क्लस्टर के लिए 2.98 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने इच्छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान ने बताया कि क्लस्टर में भूमि आवंटन के लिए ऐसे उद्योगपति जो अपनी इकाई में कम से कम 10 व्यक्तियों को रोजगार प्रदान करते हों, अपनी सहमति सहित, अपने लेटर पैड पर फर्म का नाम, जीएसटी नंबर, वर्तमान पता और मोबाइल नंबर संबंधी जानकारी एक सप्ताह के भीतर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कटनी में जमा करें।
उल्लेखनीय है कि इस संबंध में मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग संगठन के अध्यक्ष श्री मनीष गेई और रेडीमेड वस्त्र निर्माण संघ के अध्यक्ष श्री अनिल पंजाबी के साथ विगत दिनों एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई थी।

Post a Comment