शादी की खुशियों पर चोरों की सेंध: पंडाल से ₹56,500 का डीजे सामान उड़ा ले गए बदमाश


 

शादी के पंडाल से हजारों का माल पार, अज्ञात चोरों ने डीजे सिस्टम को बनाया निशाना

कटनी/आशीष कुमार चौधरी: शहर में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। अब चोरों के निशाने पर सार्वजनिक आयोजन भी आने लगे हैं। ताजा मामला एन.के.जे. थाना क्षेत्र के जागृति कॉलोनी का है, जहां एक वैवाहिक समारोह के दौरान डीजे सेटअप से कीमती उपकरण चोरी कर लिए गए।

जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात जागृति कॉलोनी मैदान में आयोजित एक शादी समारोह में यह घटना हुई। समारोह के दौरान देर रात जब पंडाल में लोगों की आवाजाही कम हो गई और अधिकांश लोग विश्राम की तैयारी में थे, तभी अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर डीजे सिस्टम से महंगे उपकरण पार कर दिए।

पीड़ित धनीराम पटेल, निवासी दुर्गा चौक, ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 3:00 से 3:20 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने डीजे सेटअप में लगे दो डेल कंपनी के काले रंग के लैपटॉप (आई-5 मॉडल) तथा एक डी जे प्लस कंपनी का क्रॉसओवर चोरी कर लिया, जिनकी कुल कीमत लगभग 56,500 रुपये बताई जा रही है।

घटना की शिकायत 12 फरवरी 2026 को एन.के.जे. थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे आयोजनों में चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post