अनुकंपा नियुक्ति या ‘परिवार राज’? सचिव गायब, पति संभाल रहे पंचायत की कमान
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :
जिले की जनपद पंचायतों में नियम-कायदों की हकीकत क्या है, इसका अंदाजा बड़खेरा और बडेरा ग्राम पंचायत के हालात से लगाया जा सकता है। यहां अनुकंपा नियुक्ति से पदस्थ महिला सचिव की जगह उनके पति पंचायत का कामकाज संभालते नजर आ रहे हैं। सवाल यह उठ रहा है कि जब सचिव के रूप में विधिवत नियुक्ति हो चुकी है, तो फिर बिना किसी शासकीय पद के पति कैसे सरकारी योजनाओं और दस्तावेजों का संचालन कर रहे हैं?
सूत्रों के अनुसार, बड़खेरा पंचायत में पदस्थ अनुकंपा नियुक्त महिला सचिव लंबे समय से पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहीं। उनकी अनुपस्थिति में उनके पति ग्रामीणों के आवेदन ले रहे हैं, दस्तावेजों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी करवा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें सचिव महोदया के दर्शन कम ही होते हैं, जबकि उनके पति ही पंचायत में ‘सेवा’ देते दिखते हैं।
इसी तरह का मामला बडेरा पंचायत में भी सामने आया है, जहां सचिव के स्थान पर उनके पति कार्य करते देखे गए। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह को भी है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
यह स्थिति कई सवाल खड़े करती है—
क्या अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य सेवा देना है या पद को परिवार तक सीमित रखना?
क्या बिना शासकीय अधिकार के कोई व्यक्ति पंचायत के कामकाज में दखल दे सकता है?
और सबसे अहम, क्या नियम सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं?
ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वे शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन, वित्तीय अभिलेखों का संधारण और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में यदि अधिकृत अधिकारी की जगह कोई अन्य व्यक्ति काम करता है, तो पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सचिव कार्य करने में असमर्थ हैं तो प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए, न कि अनधिकृत व्यक्ति को काम सौंपकर नियमों की अनदेखी करनी चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जाती है।
आशीष चौधरी :9977535212
कटनी :मप्र

Post a Comment