एटीएम बूथ में मदद के बहाने ठगी, महिला के खाते से एक लाख रुपये गायब

 

एटीएम बूथ में मदद के बहाने ठगी, महिला के खाते से एक लाख रुपये गायब


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: शहर में एटीएम बूथ के भीतर सक्रिय ठगों ने एक बार फिर अपनी चालाकी का परिचय देते हुए एक महिला को निशाना बनाया और उसके खाते से एक लाख रुपये पार कर दिए। घटना रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित यूनियन बैंक के एटीएम की है, जहां मदद के नाम पर आरोपी ने कार्ड बदलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बावली टोला, मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी 45 वर्षीय सुशीला कोल 3 फरवरी 2025 की सुबह लगभग 10:30 बजे एटीएम से रकम निकालने पहुंची थीं। इसी दौरान बूथ में मौजूद एक युवक ने स्वयं को मददगार बताते हुए महिला को पैसे निकालने में सहायता की पेशकश की। बातचीत के दौरान उसने चुपके से एटीएम पिन देख लिया और मौका पाकर महिला का कार्ड बदल दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला के मोबाइल पर खाते से रकम कटने के लगातार संदेश आने लगे। घबराई पीड़िता ने तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 5 फरवरी 2026 को दोपहर 1:44 बजे मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।

रंगनाथ नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा धोखाधड़ी से संबंधित धारा 420 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि एटीएम बूथ में किसी अजनबी की मदद लेने से बचें और अपना पिन नंबर किसी के सामने दर्ज न करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post