तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को मारी टक्कर, घायल साथियों को इलाज के लिए जबलपुर भेजा

  

तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को मारी टक्कर, घायल साथियों को इलाज के लिए जबलपुर भेजा


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्ना मोड़ स्थित बाल हनुमान मंदिर के सामने शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक कुछ देर मौके पर रुककर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी रमेश सिंह लोधी अपने साथियों सुरेन्द्र राठौर, दिनेश अहिरवार, गोलू अहिरवार और अश्वनि झा के साथ काम के सिलसिले में कटनी आए थे। काम समाप्त होने के बाद सभी लोग पैदल बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे पन्ना मोड़ के पास पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही कार ने सुरेन्द्र, दिनेश और गोलू को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक कुछ देर रुका, जिससे वाहन का नंबर MP-20-BA-6772 नोट कर लिया गया। दुर्घटना में सुरेन्द्र राठौर के हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं, वहीं दिनेश अहिरवार और गोलू अहिरवार भी घायल हुए।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अश्वनि झा की मदद से निजी वाहन से इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया। इसके बाद रमेश सिंह ने कोतवाली थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post