संस्थान की जमीन बेचने का झांसा देकर 24.52 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार


 

संस्थान की जमीन बेचने का झांसा देकर 24.52 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ढीमरखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरेली निवासी फरियादी रणजीत पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिलीप दुबे, मनीष पांडे, मुकुंदी पटेल और मुकेश पटेल ने मिलकर संस्थान की जमीन बेचने का झांसा देकर उनसे 24 लाख 52 हजार रुपये की ठगी की।

शिकायत के आधार पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 63/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मुकेश पटेल ने एस.आर.एम. फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाया था, जिसके जरिए ठगी की रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की जाती थी।

पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी मुकुंदी पटेल के नाम से भी फर्जी बैंक खाता संचालित किया जा रहा था, जिसका उपयोग अवैध लेनदेन में किया गया।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मुकुंदी पटेल निवासी हरदुआ कला थाना विजयराघवगढ़ और मुकेश पटेल निवासी जागृति कॉलोनी थाना एनकेजे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

वहीं, मामले के अन्य आरोपी मनीष पांडे और दिलीप दुबे फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post