मोटी तन्खा वाले सफाई कर्मचारी घर पर आराम, 4-6 हजार वाले कर रहे शहर की सफाई?
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : नगर निगम कटनी में व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम से नियमित रूप से मोटी तन्खा लेने वाले कई सफाई कर्मचारी खुद काम पर नहीं आते, बल्कि अपनी जगह 4 से 6 हजार रुपये महीने पर निजी लोगों से सफाई का काम करवाते हैं।
बताया जाता है कि ऐसे कर्मचारी घर बैठकर वेतन ले रहे हैं, जबकि असली सफाई कार्य कम पैसों पर रखे गए निजी लोगों से कराया जा रहा है। यह व्यवस्था नगर निगम के नियमों के खिलाफ होने के बावजूद लंबे समय से चल रही है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि इस पूरे मामले में नगर निगम के कुछ वार्ड दरोगा और अधिकारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा है। कहा जा रहा है कि पैसों के दम पर पूरी व्यवस्था संचालित की जा रही है और जिम्मेदारों की नजर के सामने ही यह गड़बड़ी जारी है।
नगरवासियों का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कराई जाए तो बड़ा घोटाला सामने आ सकता है। लोगों ने मांग की है कि मुफ्त में वेतन लेने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था वास्तव में सुधर सके।
> “नगर निगम कटनी के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित जिम्मेदारी वर्तमान में संजय सोनी के पास होने की जानकारी सामने आ रही है।”

Post a Comment