*बरगवां में खूनी संघर्ष नशेड़ियों ने दो भाइयों सहित चार पर किया चाकुओं से हमला*
*रंगनाथ थाना क्षेत्र की घटना; मामूली विवाद के बाद १०-१२ युवकों ने बोला धावा, सभी घायल जिला अस्पताल में भर्ती*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर के रंगनाथ थाना अंतर्गत बरगवां क्षेत्र में मंगलवार की देर रात सरेराह चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने मामूली कहासुनी के बाद दो सगे भाइयों सहित चार युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगवां निवासी सोनू और मोनू रात के समय अपने घर के पास एक अंडे के ठेले पर खड़े थे। इसी दौरान करीब १० से १२ नशेड़ी युवकों का झुंड वहां पहुंचा और अकारण ही गाली-गलौज करने लगा। जब सोनू और मोनू ने इस अभद्रता का विरोध किया, तो हमलावरों ने तैश में आकर उन पर चाकुओं से हमला बोल दिया। इस बीच-बचाव करने आए दो अन्य स्थानीय युवक भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती नशेबाजी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Post a Comment