सिलेंडर की किल्लत में चोरी का खेल: जरूरत के बीच गैस सिलेंडर बने चोरों का निशाना सरकारी स्कूल के रसोईघर का ताला तोड़कर 5 गैस सिलेंडर पार, मध्याह्न भोजन पर संकट


 

सिलेंडर की किल्लत में चोरी का खेल: जरूरत के बीच गैस सिलेंडर बने चोरों का निशाना


सरकारी स्कूल के रसोईघर का ताला तोड़कर 5 गैस सिलेंडर पार, मध्याह्न भोजन पर संकट

कटनी/न्यूज़ एमपी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी।
शिक्षा के मंदिर भी अब चोरों की नजरों से अछूते नहीं रहे। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम भजिया स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए रसोईघर का ताला तोड़ दिया और वहां रखे गैस सिलेंडरों को पार कर दिया। इस घटना के बाद न केवल स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है, बल्कि बच्चों के मध्याह्न भोजन संचालन पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

मध्य रात्रि में वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 14 मार्च की शाम 5 बजे से 16 मार्च की सुबह 10 बजे के बीच की है। सोमवार सुबह जब स्कूल खुला तो रसोईघर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा गया तो खाना बनाने के लिए रखे गए 5 नग भारत गैस सिलेंडर गायब थे। घटना से स्कूल स्टाफ स्तब्ध रह गया।

13 हजार की संपत्ति पर हाथ साफ
स्कूल के शिक्षक पंकज कुमार राय (38 वर्ष) द्वारा बड़वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। चोरी हुए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
बड़वारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 167/26 दर्ज कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत धारा 331(4) (रात्रि में सेंधमारी) और धारा 305ए (चोरी) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

मध्याह्न भोजन पर असर
घटना के बाद स्कूल में बच्चों के लिए बनने वाले मध्याह्न भोजन की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सिलेंडर चोरी होने से खाना बनाने में दिक्कत आ रही है, जिससे छात्रों की उपस्थिति और पोषण योजना पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्कूल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी यदि इस तरह की वारदातें हो रही हैं, तो यह स्थानीय प्रशासन और पुलिस के लिए चिंता का विषय है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post