घरेलू हिंसा का खौफनाक नतीजा, महिला ने जहर खाकर की आत्महत्या


 घरेलू हिंसा का खौफनाक नतीजा, महिला ने जहर खाकर की आत्महत्या


कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :
जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कूड़न में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पति की लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर 30 वर्षीय महिला ने जहर का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कूड़न निवासी ललिता चौधरी (30 वर्ष) का विवाह वीरेंद्र चौधरी (33 वर्ष) के साथ हुआ था। परिजनों एवं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बीते कुछ समय से दंपति के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। आरोप है कि पति वीरेंद्र छोटी-छोटी बातों को लेकर ललिता के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करता था, जिससे वह लगातार तनाव में रह रही थी।


बताया जा रहा है कि 2 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे, रोज-रोज के विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर ललिता ने अपने घर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।



घटना की सूचना मिलते ही बहोरीबंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आई कि महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने में उसके पति की भूमिका संदिग्ध है।

पुलिस ने आरोपी पति वीरेंद्र चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 17 मार्च को औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।


पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post