*ट्रक बुकिंग के नाम पर 'स्कैनर' भेजकर महिला से ठगे 1.26 लाख, माधवनगर में सनसनी*
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
डिजिटल इंडिया के दौर में ठगों ने अब ट्रांसपोर्ट और ट्रक बुकिंग के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पना शुरू कर दिया है। ताजा मामला कटनी के माधवनगर थाना अंतर्गत मानसरोवर कॉलोनी से सामने आया है, जहाँ एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठगों ने झांसा देकर महिला के खाते से 1,26,300 रुपये साफ कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानसरोवर कॉलोनी निवासी हेमलता उर्मलिया (38 वर्ष), पति विवेक उर्मलिया को ट्रांसपोर्ट के लिए ट्रक की आवश्यकता थी। इसी दौरान उनका संपर्क मोबाइल नंबर 8858454161 के धारक से हुआ। आरोपी ने खुद को ट्रांसपोर्टर बताकर ट्रक बुकिंग की बात तय की।
शातिर ठग ने विश्वास में लेने के बाद बुकिंग प्रक्रिया के नाम पर हेमलता के व्हाट्सएप पर एक QR कोड (स्कैनर) भेजा। आरोपी ने निर्देश दिया कि इस कोड को स्कैन करते ही बुकिंग कन्फर्म हो जाएगी। जैसे ही प्रार्थिया ने प्रक्रिया पूरी की, उनके बैंक खाते से किस्तों में कुल 1,26,300 रुपये कट गए। ठगी का अहसास होने पर जब महिला ने उक्त नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी ने फोन बंद कर लिया।
घटना की शिकायत 17 मार्च की रात करीब 9:00 बजे माधवनगर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) (धोखाधड़ी एवं पहचान छिपाकर ठगी) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। साइबर सेल की मदद से उक्त मोबाइल नंबर की लोकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल खंगाली जा रही है।

Post a Comment