सड़क पर फूंक से चेकिंग, होटलों में खुलेआम जाम — आखिर कब होगी कार्रवाई?
कटनी :आशीष चौधरी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
नवागत पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद शहर के विभिन्न थानों की पुलिस शाम ढलते ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान में जुट जाती है। कोतवाली, रंगनाथ नगर और माधव नगर थाना क्षेत्रों में पुलिस सड़कों पर वाहन चालकों से फूंक मरवाकर जांच करती दिखाई देती है। इस कार्रवाई में कई दोपहिया वाहन चालकों को रोका जाता है और चालानी कार्रवाई भी की जाती है।
लेकिन शहर में एक बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जहां एक ओर सड़क पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच हो रही है, वहीं दूसरी ओर कई होटलों में बिना लाइसेंस शराब परोसने और बैठाकर पिलाने की व्यवस्था खुलेआम चल रही है।
सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के कई खाने-पीने के होटलों में ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही है। इसी तरह माधव नगर थाना क्षेत्र में भी कुछ बड़े होटलों में बिना लाइसेंस बार जैसी व्यवस्था संचालित होने की चर्चा है। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में भी कुछ भोजनालयों में शराब पीने की व्यवस्था होने की बात सामने आती रही है।
वहीं एनकेजे थाना क्षेत्र में जुहला बायपास के पास स्थित कुछ नामी (लालू ढाबा )व अन्य होटलों में भी शाम ढलते ही शराब परोसने की व्यवस्था किए जाने की चर्चाएं स्थानीय लोगों के बीच होती रहती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब खुलेआम इन स्थानों पर शराब परोसी जा रही है, तो संबंधित थानों की पुलिस इन पर कार्रवाई क्यों नहीं करती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर चेकिंग के साथ-साथ इन होटलों की भी सघन जांच की जाए, तो अवैध रूप से चल रही ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। अब देखना यह होगा कि कटनी पुलिस कप्तान इन होटलों पर कब छापेमार कार्रवाई करते हैं।

Post a Comment