कटनी साउथ स्टेशन पर बवाल, आरपीएफ जवान ने की मारपीट; घायल कर्मचारी अस्पताल में



कटनी साउथ स्टेशन पर बवाल, आरपीएफ जवान ने की मारपीट; घायल कर्मचारी अस्पताल में



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कटनी साउथ स्टेशन के बाहर देर रात हुई एक हिंसक घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान राकेश द्विवेदी को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जवान पर साइकिल स्टैंड के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप है।



मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ जवान राकेश द्विवेदी ने स्टेशन के बाहर स्थित साइकिल स्टैंड के कर्मचारी से खाने-पीने का कुछ सामान मंगवाया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि जवान ने आपा खो दिया और स्टैंड कर्मचारी राहुल यादव व एक अन्य साथी के साथ जमकर मारपीट कर दी।


स्टेशन परिसर जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस मारपीट से वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।


आरपीएफ जवान की पिटाई से कर्मचारी राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे तत्काल रात में ही जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।




घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। अनुशासनहीनता और वर्दी की गरिमा को ठेस पहुँचाने के आरोप में जवान राकेश द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन अब मामले की विस्तृत जाँच कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post